Abhi Bharat

कैमूर : जिला पार्षद गीता गुप्ता ने सदर अस्पताल में किया हंगामा, कर्मियों पर दलाल कहने का लगाया आरोप

कैमूर/भभुआ || जिले से बड़ी खबर है, जहां गुरुवार को भभुआ सदर अस्पताल में सिटी स्कैन चेंबर के बाहर अनियमितता और दलाल बोलने का आरोप लगाते हुए जिला पार्षद गीता गुप्ता ने जमकर हंगामा किया. हालांकि मौके पर मौजूद अस्पताल कर्मियों सहित अन्य लोगों के समझाने बुझाने के बाद मामला शांत हुआ.

वहीं इस संबंध में मीडिया से बात करते हुए मोहनिया भाग 3 को जिला पार्षद गीता गुप्ता ने बताया कि वे एक बीमार बच्चे रितिक को सीटी स्कैन कराने के लिए भभुआ सदर अस्पताल पहुंची थी, पर्चा काटने के उपरांत सीटी स्कैन के लिए लाइन में लगवा दिया गया था, लगभग एक घंटा तक लगातार बैठने के बाद बच्चे के नंबर के स्थान पर दूसरे मरीजों को अंदर भेजा जाता रहा, मगर बच्चे को नहीं भेजा गया. जब उन्होंने अस्पताल कर्मी से पूछा कि बच्चे का नंबर था, काफी देर से खड़ा है आप दूसरे को अंदर भेज रहे हैं, तो अस्पताल कर्मी कहने लगा कि आपके कहने से हम करेंगे ? और फिर जिला परिषद सदस्य को संबंधित कर्मी के द्वारा दलाल कहा जाने लगा. इसी बात को लेकर जिला पार्षद द्वारा संबंधित कर्मी को डांटा जाने लगा. जिला पार्षद गीता गुप्ता के मुताबिक, इस तरह की मनमानी अक्सर लोगों के द्वारा की जाती है, इसके पूर्व भी इस तरह की घटना हो चुकी है. उन्होंने कहा कि जब नेता को संबंधित अस्पताल के कर्मी के द्वारा दलाल कहा जा रहा है तो आम आदमी के साथ क्या व्यवहार होगा और क्या कहता होगा यह बात सोचनीय है.

वहीं इससे जुड़ी जानकारी देते हुए सीटी स्कैन के इंचार्ज सुकांतू घोष ने कहा कि सभी मरीजों का सीटी स्कैन के लिए नंबर लगा हुआ था. संबंधित महिला जिनके द्वारा हंगामा किया गया है वह चाह रही थी वह जिस मरीज को सीटी स्कैन के लिए लेकर आई है, उनका पहले सीटी स्कैन हो जाए. जबकि दो इमरजेंसी मरीज थे, जिन्हें सीटी स्कैन के लिए अंदर ले जाया जा रहा था. इसी बात को लेकर महिला हंगामा करने लगी. बता दें कि जिला पार्षद गीता गुप्ता जदयू के अति पिछड़ा प्रकोष्ठ की प्रदेश सचिव भी हैं. (कैमूर से विशाल कुमार की रिपोर्ट).

You might also like
Leave A Reply