Abhi Bharat

गोपालगंज : भीषण आग से करकट का घर जलकर राख, लाखों की संपत्ति का नुकसान

गोपालगंज || जिले के भोरे थाना क्षेत्र अंतर्गत खलवा गांव में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक करकट (टीन-छप्पर) नुमा घर में अचानक भीषण आग लग गई. आग इतनी तेज थी कि देखते ही देखते पूरा घर आग की लपटों में घिर गया और अंदर रखा सारा सामान जलकर खाक हो गया. इस अगलगी की घटना में फर्नीचर, कपड़े, अनाज समेत अन्य कीमती सामान पूरी तरह नष्ट हो गए, जिससे लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घर से अचानक धुआं और आग की तेज लपटें उठती देख आसपास के लोग मौके पर दौड़ पड़े. आग की भयावहता को देखते हुए पूरे गांव में हड़कंप मच गया. ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए बाल्टी, पानी और मोटर पंप के सहारे आग बुझाने का प्रयास शुरू किया. काफी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने आग पर काबू पा लिया, जिससे आसपास के अन्य घरों को आग की चपेट में आने से बचा लिया गया. घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और अफरा-तफरी का माहौल बना रहा. पीड़ित परिवार को भारी आर्थिक क्षति का सामना करना पड़ा है.

वहीं घटना की सूचना मिलते हीं स्थानीय लोग और प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया. फिलहाल, आग लगने के स्पष्ट कारणों का पता नहीं चल सका है, हालांकि प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट या चूल्हे की चिंगारी से आग लगने की आशंका जताई जा रही है. प्रशासन द्वारा नुकसान का आकलन किया जा रहा है और पीड़ित परिवार को सरकारी सहायता दिलाने की प्रक्रिया शुरू किए जाने की बात कही जा रही है. (गोपालगंज से लव प्रताप सिंह की रिपोर्ट).

You might also like
Leave A Reply