Abhi Bharat

गोपालगंज : सांसद डॉ आलोक कुमार सुमन की पहल लाई रंग, थावे-पटना इंटरसिटी स्पेशल अब नियमित रूप से चलेगी

गोपालगंज || जिले के सांसद डॉ आलोक कुमार सुमन की सतत पहल और प्रयास आखिरकार रंग ले आए हैं. मोदी सरकार ने जिले के रेल यात्रियों को बड़ी सौगात देते हुए थावे-पटना इंटरसिटी स्पेशल ट्रेन (03215/03216) को नियमित रूप से संचालित करने का निर्णय लिया है. रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने इस प्रस्ताव को मंजूरी देते हुए इसे स्थायी सेवा के रूप में चलाने का फैसला लिया है, जिससे हजारों यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा.

बता दें कि अब थावे जंक्शन से पटना जंक्शन तक यात्रियों को नियमित और सुविधाजनक रेल सेवा उपलब्ध होगी, जिससे छात्रों, नौकरीपेशा लोगों, व्यापारियों और मरीजों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी. लंबे समय से क्षेत्रवासी इस ट्रेन को स्थायी रूप से चलाने की मांग कर रहे थे, जिसे सांसद डॉ आलोक कुमार सुमन ने लगातार संसद और रेल मंत्रालय के समक्ष मजबूती से उठाया. वहीं स्थानीय लोगों ने इस फैसले पर खुशी जाहिर करते हुए इसे गोपालगंज के विकास की दिशा में एक अहम कदम बताया है. यात्रियों का कहना है कि नियमित ट्रेन सेवा शुरू होने से समय और खर्च दोनों की बचत होगी, साथ ही पटना जैसे बड़े शहर से सीधा संपर्क और मजबूत होगा.

वहीं सांसद डॉ आलोक कुमार सुमन ने केंद्र सरकार और रेल मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे हमेशा क्षेत्र की जनता की सुविधाओं और विकास के लिए प्रतिबद्ध हैं और आगे भी गोपालगंज को बेहतर रेल कनेक्टिविटी दिलाने के लिए प्रयास जारी रहेंगे. गौरतलब है कि इस फैसले के बाद गोपालगंज सहित आसपास के जिलों में खुशी का माहौल है और लोगों को उम्मीद है कि आने वाले समय में और भी रेल सुविधाओं का विस्तार होगा. (गोपालगंज से लव प्रताप सिंह की रिपोर्ट).

You might also like
Leave A Reply