Abhi Bharat

मोतिहारी : चंपारण के सबसे बुजुर्ग पूर्व मुखिया रामयश राय का 115 वर्ष की उम्र में निधन

मधुरेश कुमार सिंह

पूर्वी चंपारण जिले के सबसे बुजुर्ग पूर्व मुखिया रामयश राय का आज निधन हो गया. वे 115 वर्ष के थे. पूर्वी चंपारण जिला अन्तर्गत केसरिया प्रखंड के गंडक तटवर्ती गांव सुन्दरापुर मलाही टोला स्थित अपने पैतृक आवास पर आज उन्होंने अंतिम सांसे ली.

बता दें कि वे अपने पीछे पांच पुत्र एवं तीन पुत्री सहित भरापूरा परिवार छोड़ गये हैं. स्वर्गीय राय अपने गृह पंचायत बिजधरी पूर्वी सुंदरापुर का लंबे अरसे तक मुखिया रहे. बुजुर्ग पूर्व मुखिया के निधन की खबर मिलते ही उनके अंतिम दर्शन के लिए लोगों की भीड़ जुटने लगी. स्थानीय विधायक डॉ राजेश कुमार ने स्व पूर्व मुखिया के पार्थिव शरीर पर फूलमाला चढ़ा कर उन्हें अपनी ओर से श्रद्धांजलि दी. केसरिया की पूर्व प्रमुख सुमित्रा कुमारी यादव उनके शवयात्रा में शामिल हुईं और अपने पिता गगनदेव यादव के साथ स्वर्गीय पूर्व मुखिया की अर्थी को कंधा भी दिया. केसरिया प्रखंड के दक्षिणी छोर से गुजरने वाली पवित्र नारायणी नदी के किनारे स्वर्गीय पूर्व मुखिया का अंतिम संस्कार किया गया. उनके पुत्र व पंचायत के पूर्व उपमुखिया विजय कुमार राय ने उन्हें मुखाग्नि दी.

वयोवृद्ध पूर्व मुखिया के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए विधायक ने कहा कि रामयश राय के निधन से चंपारण की जनता ने एक अच्छे समाजसेवी को खो दिया है. वहीं पूर्व प्रमुख सुमित्रा कुमारी यादव ने कहा कि पूर्व मुखिया के निधन से उन्हें व्यक्तिगत क्षति हुई है. केसरिया प्रखंड मुखिया संघ ने भी वयोवृद्ध पूर्व मुखिया रामयश राय के निधन पर गहरी संवेदना जताई है. संघ की ओर से जारी शोक संदेश में मुखिया संघ के प्रखंड अध्यक्ष बच्चूलाल यादव ने कहा कि स्व पूर्व मुखिया हमारे प्रेरणास्रोत थे. उनके निधन से पंचायती राज और स्थानीय समाज को भारी क्षति हुई है.

वयोवृद्ध पूर्व मुखिया के निधन पर शोक व्यक्त करने वालों में केसरिया के पूर्व विधायक बब्लूदेव, केसरिया के प्रखंड प्रमुख राकेश कुमार सिंह, उपप्रमुख दुष्यंत सिंह राजू, भाजपा नेता रामशरण प्रसाद यादव, कल्याणपुर के राजद नेता मनोज कुमार यादव, प्रदेश जदयू नेता वसील अहमद खां, जदयू प्रखंड अध्यक्ष चुन्नू सिंह, देवालाल यादव, पूर्व मुखिया चंदेश्वर यादव, बृजकिशोर सिंह एवं मो.जफरुल्लाह खां सहित अन्य शामिल हैं.

You might also like

Comments are closed.