छपरा : शादी से लौट रहे बारातियों के बोलेरो की ट्रक से टक्कर, एक की मौ’त, तीन घायल
छपरा || जिले के दाउदपुर थाना क्षेत्र के डुमडूमा गांव में बुधवार की सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया. शादी समारोह से लौट रहे बारातियों की बोलेरो वाहन की एनएच-531 पर एक ट्रक से भीषण टक्कर हो गई. हादसे में एक युवक की मौके पर हीं मौ’त हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई है.

मृतक की पहचान डुमडूमा गांव निवासी राहुल साह (पिता- रामईश्वर साह) के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि राहुल अपने कुछ साथियों के साथ उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के रामपुर गांव में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे. शादी समारोह से लौटते समय बुधवार की सुबह रसूलपुर थाना क्षेत्र के बंसी छपरा गांव के समीप एनएच-531 पर उनकी तेज रफ्तार बोलेरो वाहन सामने से आ रहे ट्रक से जा टकराई. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बोलेरो वाहन के परखच्चे उड़ गए. हादसे में राहुल साह की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि वाहन में सवार तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. स्थानीय लोगों और राहगीरों की मदद से घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है.
घटना की सूचना मिलते हीं डुमडूमा गांव में कोहराम मच गया. मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. मां-बाप समेत पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. गांव के लोगों ने बताया कि कुछ घंटे पहले तक घर में शादी से लौटने की खुशी थी, लेकिन अचानक आए इस हादसे ने पूरे माहौल को गमगीन बना दिया. वहीं स्थानीय लोगों ने सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठाए हैं. लोगों का कहना है कि एनएच-531 पर लगातार तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण हादसे बढ़ते जा रहे हैं. ग्रामीणों के अनुसार, इस महीने अब तक इस मार्ग पर 20 से अधिक लोगों की जान जा चुकी है, लेकिन प्रशासन की ओर से सड़क सुरक्षा को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है. (छपरा से लव प्रताप सिंह की रिपोर्ट).