कैमूर : मोहनिया के संदीप कुमार ने पेश की ईमानदारी की मिसाल, सड़क पर मिला पांच लाख के जेवरात और कैश से भरा बैग थाने में किया जमा, सही सलामत बैग मिलने से महिला की चेहरे पर लौटी खुशी
कैमूर / भभुआ || जिले के मोहनिया थाना क्षेत्र के देवकली निवासी संदीप कुमार ने ईमानदारी और मानवता की मिसाल पेश करते हुए सड़क पर लावारिस हालत में मिले करीब पांच लाख रुपये मूल्य के जेवरात से भरे बैग को मोहनिया थाने में सुपुर्द कर दिया. संदीप के इस सराहनीय कार्य की चर्चा पूरे क्षेत्र में हो रही है.

मिली जानकारी के अनुसार, मोहनिया के उसरी निवासी संगीता देवी अपने मायके से टेंपो के जरिए ससुराल जा रही थीं. इसी दौरान NH19 पर आरके टी होटल के समीप उनका जेवरात से भरा बैग रास्ते में गिर गया. कुछ देर बाद वहां से गुजर रहे संदीप कुमार की नजर बैग पर पड़ी. बैग खोलने पर उसमें सोने-चांदी के कीमती जेवरात मिले. संदीप ने बिना किसी लालच के तुरंत मानवता का परिचय देते हुए बैग को मोहनिया थाने पहुंचाकर पुलिस के हवाले कर दिया. पुलिस की जांच के बाद बैग की पहचान कर उसे महिला को सौंपने की प्रक्रिया शुरू की गई.

संदीप कुमार की ईमानदारी की लोग जमकर प्रशंसा कर रहे हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि आज के दौर में इस तरह की ईमानदारी समाज के लिए प्रेरणादायक है. वहीं जेवरात की मालकिन की बहन सरिता कुमारी ने बताया कि मेरी बहन संगीता कुमारी ऑटो से अपने मायके से ससुराल जा रही थी, तभी रास्ते में उसका बैग गिर गया गया, जिसमें पांच लाख के जेवरात थे. जिसके बाद मोहनिया थाना में आवेदन दिया था. आज मुझे मोहनिया थाना द्वारा फोन कर बुलाया गया है कि आपका जेवरात बैग सहित मिल गया है, जिसको मै लेने आई हूं, सभी जेवरात और सामान सुरक्षित मिल गया है.

वहीं जेवरात लौटाने वाला युवक संदीप कुमार ने बताया कि कल मै अपने रिलेशन में बाइक से जा रहा था, तभी आरके टी होटल के पास महिला का गिरा हुआ पर्स मिला, जिसमें बहुत सारे गहने थे, जिसे पाने के बाद मैने मोहनिया थाना को सुपुर्द कर दिया. वहीं इस मामले पर जानकारी देते हुए मोहनिया थानाध्यक्ष आलोक कुमार ने बताया कि एक महिला है संगीता कुमारी जो अपने मायके भीट्टी गांव से उसरी गांव जा रही थी. इसी दौरान उनका पर्स गिर गया, जिसमें सोने की चेन, अंगूठी, मोबाइल और 4500 सौ रुपए थे. जिसके बाद महिला के द्वारा थाना में आवेदन गया था. पुलिस अभी अनुसंधान कर हीं रही थी कि आज देवकली गांव निवासी संदीप कुमार के द्वारा गहना से भरा पर्स थाना को सुपुर्द कर दिया गया, जिसमें सभी समान सुरक्षित हैं. वहीं पर्स मिलने के बाद आवेदिका महिला को सौंप दिया गया है. (कैमूर से विशाल कुमार की रिपोर्ट).