कैमूर : बेटे की सगाई समारोह से घर लौट रहे पिता की सड़क दुर्घटना में मौत, खुशी का माहौल मातम में हुआ तब्दील
कैमूर / भभुआ || जिले से बड़ी खबर है, जहां बेटे के सगाई समारोह से लौट रहे पिता की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई. इस हादसे से खुशी का माहौल मातम में तब्दील हो गया. वहीं सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भभुआ सदर अस्पताल भेज दिया. मामला कुदरा थाना क्षेत्र के कुदरा एनएच दो की है. मृतक की पहचान मोहनिया थाना क्षेत्र के बडूपुर गांव निवासी स्वर्गीय बूटन साह के 76 वर्षीय पुत्र सामा कांत साह के रूप में हुई है.

वहीं सदर अस्पताल के पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे बद्दूपुर पंचायत के उप मुखिया प्रतिनिधि नंदन राय ने बताया कि मृतक का पुत्र का कल कुदरा में सगाई समारोह था, जहां से आज यह घर लौट रहे थे. घर लौटने के दौरान कुदरा एनएच को पार कर रहे थे, तभी तेज रफ्तार वाहन ने जोरदार टक्कर मार दिया जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए. जिसके बाद घटना स्थल पर मौजूद लोगों ने पुलिस और परिजनो को सूचना देते हुए इलाज के लिए कुदरा पीएचसी ले गए, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए भभुआ सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया. जहां आते हीं चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया. जिसके बाद पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
वहीं पुलिस और परिजनो के मौजूदगी में शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया. इस घटना से मृतक के परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट गया है. बेटे की सगाई समारोह से लौट रहे पिता की सड़क दुर्घटना में मौत होना परिजनों को झकझोर कर रख दिया है. वहीं मृतक के परिजनों ने जिला प्रशासन से मुआवजे की मांग किया है. (कैमूर से विशाल कुमार की रिपोर्ट).