कैमूर : विवाहिता की ह’त्या कर श’व जलाने का आरोप में उपप्रमुख समेत दो गिरफ्तार, भेजे गए जेल
कैमूर / भभुआ || जिले के रामपुर प्रखंड अंतर्गत करमचट थाना क्षेत्र के मड़ैचा गांव में लापता विवाहिता की हत्या कर साक्ष्य मिटाने के लिए शव को जंगल में जलाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. पुलिस ने इस मामले में रामपुर प्रखंड के उपप्रमुख सुनील यादव समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. मामले में मृतका के पिता ने सात लोगों पर करमचट थाना में नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई है.

वहीं करमचट थानाध्यक्ष पंकज कुमार पासवान ने जानकारी देते हुए बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में मड़ैचा गांव निवासी उपप्रमुख सुनील यादव और इंद्रजीत यादव उर्फ इंदल शामिल हैं. दोनों को रामपुर पीएचसी में मेडिकल जांच के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया. मृतका पिंकी देवी के रिश्ते में सुनील भैंसुर और इंदल देवर लगता है.अन्य आरोपी घर छोड़कर फरार बताए जा रहे हैं. पुलिस के अनुसार, पिंकी देवी की शादी करीब आठ वर्ष पूर्व मड़ैचा गांव निवासी सर्वजीत यादव से हिंदू रीति-रिवाज के साथ हुई थी, उसके दो छोटे बच्चे हैं, जिनकी उम्र छः और चार वर्ष है. 5 मई को मृतका के पिता बेलांव थाना क्षेत्र के गंगापुर निवासी शिव प्रसाद यादव ने बेटी के लापता होने की शिकायत करमचट थाने में दर्ज कराई थी. आवेदन में बताया गया था कि 4 मई से पिंकी देवी ससुराल से गायब है. शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने तकनीकी जांच और छानबीन शुरू की, जब पुलिस मृतका के घर पहुंची तो परिजन फरार मिले. इसके बाद पुलिस ने सुनील यादव और इंद्रजीत यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ की. शुरुआती पूछताछ में दोनों पुलिस को गुमराह करते रहे, लेकिन सख्ती के बाद उन्होंने बताया कि 4 मई को पिंकी देवी और इंदल की पत्नी के बीच विवाद और मारपीट हुई थी, उसी रात पिंकी देवी ने कथित रूप से फांसी लगा ली. बाद में शव को अधौरा पहाड़ी के जंगल में ले जाकर जला दिया गया.
वहीं जांच करने पहुंची एफएसएल टीम ने घटनास्थल से जले हुए अवशेष का सैंपल एकत्र किया. अब, डीएनए जांच के जरिए शव की पहचान कराई जाएगी. मृतका के पिता ने पति, भैंसुर, देवर, देवरानी समेत सात लोगों पर मारपीट कर हत्या करने और साक्ष्य छुपाने का आरोप लगाया है. फिलवक्त, पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है. (कैमूर से विशाल कुमार की रिपोर्ट).