सीवान : खेत में काम कर रहे किसान की हाई वोल्टेज तार की चपेट में आने से मौत, शुक्रवार को दुबई जाने वाला था युवक
सीवान || जिले के बड़हरिया थाना क्षेत्र के कैल टोला बाजार गुलरबाग गांव में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में किसान की हाई वोल्टेज बिजली तार की चपेट में आने से मौके पर हीं मौत हो गई. मृतक की पहचान 34 वर्षीय सदाम खान के रूप में हुई है, जो मोहम्मद रजा खान के पुत्र बताए जाते हैं। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है.
बताया जाता है कि सदाम खान गुरुवार सुबह अपने खेत में काम कर रहे थे। इसी दौरान खेत के ऊपर से गुजर रहे एक लाख 33 हजार वोल्ट के हाई टेंशन बिजली तार की चपेट में आ गए, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई. ग्रामीणों के अनुसार, बिजली का तार काफी नीचे झूल रहा था और इसकी शिकायत कई बार बिजली विभाग से की गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई. वहीं परिजनों ने बताया कि सदाम खान रिगर का काम करते थे और बेहतर रोजगार के लिए शुक्रवार को दुबई जाने वाले थे. विदेश जाने की पूरी तैयारी हो चुकी थी. सदाम की शादी करीब दो वर्ष पहले हुई थी. घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है.
घटना की सूचना मिलते हीं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए. स्थानीय ग्रामीण सोहराब आलम और वैद्य जी ने बताया कि गांव में पिछले एक वर्ष के भीतर बिजली तार की वजह से चार लोगों की जान जा चुकी है. ग्रामीणों का आरोप है कि बिजली विभाग की लापरवाही के कारण लगातार हादसे हो रहे हैं. ग्रामीणों ने बताया कि इससे पहले राहुल कुमार, लक्षपति देवी और अख्तर शाह की पत्नी की भी करंट लगने से मौत हो चुकी है। इसके बावजूद विभाग द्वारा नीचे लटक रहे हाई वोल्टेज तार को ठीक नहीं कराया गया.
वहीं घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया. थाना प्रभारी छोटन कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी. ग्रामीणों ने प्रशासन एवं बिजली विभाग से गांव में नीचे झूल रहे हाई वोल्टेज तार को अविलंब ठीक कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो. (सीवान से लव प्रताप सिंह की रिपोर्ट).