Abhi Bharat

सीवान : अवैध हथियार की खरीद-बिक्री के दौरान टेस्टिंग में चली गोली, एक घायल, पुलिस ने विक्रेता और खरीदार को किया गिरफ्तार

सीवान || जिले से बड़ी ख़बर है, जहां भागवानपुर हाट थाना क्षेत्र के बहिअरा चंवर में अवैध हथियार की खरीद बिक्री के दौरान टेस्टिंग में गोली चलने से हथियार बेचने आए दो युवकों में से एक को गोली लग गई. वहीं घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को जहां उपचार हेतु सदर अस्पताल सीवान में भर्ती कराया वहीं उसके साथी विक्रेता और हथियार खरीदने आए युवक को गिरफ्तार किया है.

पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, गत मंगलवार की शाम लगभग 03:45 बजे भगवानपुर हाट थाना को सूचना मिली कि सारण जिले के तरैया थाना क्षेत्र के सरैया रत्नाकर गांव निवासी मनोज साह के पुत्र पवन कुमार को गोली लगने से जख्मी अवस्था में उसी के गांव के भोला प्रसाद के पुत्र और उसके साथी दीपक कुमार द्वारा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भगवानपुर में इलाज के लिए लाया गया है. सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए भगवानपुर हाट थाना पुलिस टीम द्वारा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भगवानपुर हाट पहुंच कर घायल को बेहतर इलाज हेतु सदर अस्पताल सीवान भेजा गया. प्रारम्भिक जांच के दौरान साथी दीपक कुमार के द्वारा बार-बार स्थान बदलने एवं भ्रामक जानकारी देने से संदेह उत्पन हुआ. पूछ-ताछ करने पर दीपक कुमार द्वारा स्वीकार किया गया कि ये और पवन भगवानपुर निवासी कन्हैया मांझी के पुत्र रंजन कुमार को पिस्टल बेचने आये थे, जिसको लेकर तीनो बहिअरा चवंर में जाकर मिले. वहां पर पिस्टल देने से पहले उसकी टेस्टिंग करने के दौरान दीपक से गोली चल गयी जो पवन के पेट में जाकर लग गयी, जिससे वह घायल हो गया. जिसके बाद दीपक ने रंजन कुमार को हथियार छुपाने के लिए दे दिया जिसे लेकर रंजन कुमार वहां से लेकर चला गया. वहीं दीपक, पवन को लेकर लूट-पाट की झूठी एवं भ्रामक कहानी गढ़कर, प्राथमिकी स्वास्थ्य केंद्र, भगवानपुर आया तथा गुप्त रूप से इलाज कराने का प्रयास करने लगा.

पुलिस द्वारा दीपक कुमार एव रंजन कुमार को घटना में प्रयुक्त हथियार देसी पिस्टल और दो जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार कर लिया गया. इस संबंध में भागवानपुर हाट थाना अन्तर्गत आर्म्स एक्ट के तहत कांड दर्ज कर अग्रतर विधि-सम्मत कार्रवाई की जा रही है. (ब्यूरो रिपोर्ट).

You might also like
Leave A Reply