कैमूर : जायका रेस्टोरेंट के खाने से फूड प्वाइजनिंग से युवक की मौ’त, प्रशासन ने किया रेस्टोरेंट सील, सदर अस्पताल के चिकित्सक पर भी लापरवाही का आरोप
कैमूर / भभुआ || जिले से बड़ी खबर है, जहां शहर स्थित जायका रेस्टोरेंट से पनीर और मंचूरियन लेकर खाने के बाद दो भाई सहित तीन युवकों की तबियत बिगड़ गई, जिसमें एक युवक की मौत हो गई. घटना के बाद प्रशासन ने जायका रेस्टोरेंट को सील कर दिया. मृतक की पहचान भभुआ थाना क्षेत्र के सारंगपुर गांव निवासी मार्कंडेय तिवारी के पुत्र विशाल कुमार तिवारी के रूप में हुई है.

इस मामले पर जानकारी देते हुए मृतक के पिता मार्कण्डेय तिवारी ने बताया कि मेरा बेटा विशाल तिवारी भभुआ शहर के जायका रेस्टोरेंट से कल रात 9 बजे मंचूरियन और पनीर घर लेकर आया, जिसके बाद वह और उसका छोटा भाई एवं एक दोस्त के साथ खाना के साथ खा लिया. वहीं आधे घंटे बाद तीनों की तबीयत बिगड़ गई और तीनों को उल्टियां शुरू हो गई, जिसके बाद विशाल तिवारी की तबीयत ज्यादा बिगड़ता देख उसे इलाज के लिए सुबह 4 बजे भभुआ सदर अस्पताल लाया गया. जहां सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक ने केवल आला से जांच करके युवक को मृत घोषित कर दिया, वहीं परिजनों का चिकित्सक पर आरोप है कि बार बार ईसीजी जांच के मांग के बाद भी चिकित्सक द्वारा कोई सुनवाई नहीं की गई और जब परिजन सुबह 8 बजे भभुआ के प्राइवेट हॉस्पिटल में युवक को ले गए तो, वहां किसी चिकित्सक ने बताया कि आप लोगों ने लाने में देर कर दिया है, इसकी आधे घंटे पहले ही मौत हो गई है. अगर, सदर अस्पताल के डॉक्टर ने सही तरीके से इलाज और जांच किया होता तो आज मेरा बेटा का जीवन बच जाता. मृतक के पिता मार्कंडेय तिवारी ने फूड प्वाइजनिंग से मौत का कारण बताते हुए जायजा रेस्टोरेंट के संचालक पर कार्रवाई की मांग किया है. साथ हीं ड्यूटी के दौरान लापरवाही बरोतने वाले सदर अस्पताल के डॉक्टर पर भी कार्रवाई की मांग की है.
वहीं, इस मामले पर सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉक्टर विनोद कुमार सिंह ने बताया कि फूड प्वाइजनिंग को लेकर एक युवक को सदर अस्पताल में इलाज के लिए लाया गया था, जहां मौजूद चिकित्सक डॉ कमलेश प्रसाद के द्वारा जांच किया गया तो युवक की पहले हीं मौत हो चुकी थी. और रही बात कि कितना देर पहले मौत हुआ है, इसका कोई भी डॉक्टर पुष्टि नहीं कर सकता. फिलहाल, शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही मौत का खुलासा किया जाएगा. वहीं मृतक के परिजनों द्वारा रेस्टोरेंट संचालक और सदर अस्पताल में ड्यूटी में तैनात चिकित्सक के खिलाफ थाना में आवेदन देकर कार्रवाई की मांग किया गया है. जिसके बाद प्रशासन ने रेस्टोरेंट को सील कर दिया. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है. (कैमूर से विशाल कुमार की रिपोर्ट).