गोपालगंज : भोरे में पासपोर्ट सत्यापन के लिए लोगों को अब नहीं लगाने होंगे थाने के चक्कर, बदली व्यवस्था
गोपालगंज || जिले के भोरे थाना क्षेत्र के पासपोर्ट बनवाने के इच्छुक आवेदकों के लिए एक बड़ी राहत भरी खबर है. अब पासपोर्ट पुलिस वेरिफिकेशन के लिए आवेदकों को थाने की दहलीज पर माथा टेकने की जरूरत नहीं पड़ेगी. भोरे की नयी थानाध्यक्ष रोहिणी उपाध्याय ने पदभार संभालते हीं इस दिशा में एक बड़ा बदलाव किया है. नयी व्यवस्था के तहत अब पुलिस विभाग खुद ही आवेदक का वेरिफिकेशन कर समय सीमा के भीतर जांच रिपोर्ट मुख्यालय भेज देगा.
बता दें कि इससे पहले पासपोर्ट जांच के नाम पर आवेदकों को काफी पसीना बहाना पड़ता था. लोगों को खुद कागजात की फाइल लेकर थाने दौड़ना पड़ता था. सत्यापन के नाम पर वार्ड सदस्य से लेकर चौकीदार तक के हस्ताक्षर और आधार कार्ड जैसे दस्तावेजों के लिए हफ्तों का वक्त जाया होता था. इस जटिल प्रक्रिया में कई बार अवैध रूप से पैसों के लेन-देन की शिकायतें भी सामने आती रहती थीं, जिससे आम जनता को मानसिक और आर्थिक परेशानी झेलनी पड़ती थी. वहीं अब नयी व्यवस्था लागू होने से न तो वार्ड सदस्य के हस्ताक्षर की जरूरत है और न ही चौकीदार के पास चक्कर काटने की. पुलिस अपने स्तर से ही सभी आवश्यक जानकारी जुटायेगी और सत्यापन की प्रक्रिया को पूरा करेगी.
वहीं भोरे थानाध्यक्ष रोहिणी उपाध्याय ने बताया कि पासपोर्ट सत्यापन के लिए अब थाना पर आने की कोई आवश्यकता नहीं है. हमने एक पारदर्शी और सरल व्यवस्था लागू की है. पुलिस खुद ही ससमय सत्यापन पूरा कर रिपोर्ट भेज देगी. किसी भी आवेदक को वार्ड सदस्य या चौकीदार से हस्ताक्षर कराने या थाने के चक्कर काटने के लिए परेशान होने की जरूरत नहीं है. थाने के बाहर इस संबंध में बाकायदा सूचना भी चस्पां कर दी गयी है, ताकि बिचौलियों का प्रभाव पूरी तरह खत्म किया जा सके. (गोपालगंज से हितेश कुमार की रिपोर्ट).