सीवान : बड़हरिया के नवलपुर नहर मार्ग पर 56 कार्टन अंग्रेजी शराब बरामद, तस्कर वाहन छोड़कर फरार
सीवान || जिले के बड़हरिया थाना क्षेत्र में गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने सोमवार देर रात बड़ी कार्रवाई करते हुए शराब की एक बड़ी खेप बरामद की. थानाध्यक्ष छोटन कुमार के नेतृत्व में चलाए गए अभियान में 56 कार्टन अंग्रेजी शराब जब्त की गई, जिसकी कुल मात्रा लगभग 481 लीटर बताई जा रही है.

मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि चार चक्का वाहन से भारी मात्रा में शराब बड़हरिया की ओर से गुजर रही है. सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष ने सभी मुख्य मार्गों पर चौकसी बढ़ा दी. इसी दौरान बड़हरिया थाना क्षेत्र के नवलपुर नहर मार्ग पर एक संदिग्ध वाहन भलूआ की दिशा में जाता दिखाई दिया. पुलिस टीम द्वारा पीछा किए जाने पर शराब कारोबारी नवलपुर के पास नहर मार्ग पर वाहन छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गए. वाहन की तलाशी लेने पर 56 कार्टन अंग्रेजी शराब बरामद की गई. पुलिस ने वाहन सहित शराब को जब्त कर थाना लाया.
इस संबंध में अज्ञात शराब कारोबारी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. पुलिस फरार तस्करों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है. छापेमारी दल में अपर थाना अध्यक्ष कुंदन कुमार तिवारी, एसआई संतोष कुमार, एसआई दुर्गा कुमारी सहित पुलिस बल के जवान शामिल थे. घटना रात्रि लगभग 12 बजे की बताई जा रही है. (बड़हरिया से राकेश रंजन गिरी की रिपोर्ट).