कैमूर : चर्चित डेहरी हत्याकांड का मुख्य आरोपी मृतका का पति गिरफ्तार, एक फरवरी को रोहतास के डेहरी में ट्रॉली बैग में मिला था महिला का शव
कैमूर/भभुआ || जिले से बड़ी खबर है, जहां वाहन जांच के दौरान सोनहन थानाध्यक्ष के द्वारा डेहरी नगर थाना सब्जी मंडी के समीप 2 दिन पूर्व लाल रंग के ट्रॉली बैग से बरामद शव मामले में मृतक महिला के पति की गिरफ्तारी हुई है.
इस मामले को लेकर भभुआ एसडीपीओ मनोरंजन भारती के द्वारा प्रेस वार्ता करते हुए जानकारी दी गई. जिसमें उन्होंने बताया कि थानाध्यक्ष सोनहन के द्वारा मंगलवार की सुबह वाहन जांच किया जा रहा था, उसी क्रम में पुलिस को देखकर भभुआ से सोनहन की तरफ से जाने के क्रम में चार पहिया वाहन से कूद कर एक आदमी भागने लगा, जिसे पकड़ कर उसकी संदिग्ध गतिविधि के संबंध में जब पूछताछ किया जाने लगा तो संबंधित व्यक्ति बार-बार नाम बदल रहा था. जिससे संदेह और गहरा हो गया पूछताछ के क्रम में संबंधीत व्यक्ति की पहचान क्यामुद्दीन शेख मंसूरी, पिता सलीम शेख मंसूरी, ग्राम जक्खी बीघा, थाना डेहरी, जिला रोहतास के रूप में हुई. पुलिस के गहन पूछताछ के क्रम में यह बात सामने आई की 1 फरवरी 2026 को रोहतास जिले के डेहरी नगर थाना में स्टेशन के पास लाल सूटकेस में एक महिला का शव बरामद हुआ था. उस संबंध में डेहरी नगर थाना रोहतास में हत्या का कांड़ दर्ज किया गया था, जिसमें वह वांछित है और जिस महिला का शव मिला था, जो गिरफ्तार क्यामुद्दीन की पत्नी थी. गिरफ्तारी के डर से वह भाग रहा था.
बता दें कि 1 फरवरी 2026 की दोपहर कचरा चुन रहे कुछ लोगों को कूड़े पर एक लाल रंग का सूटकेस नजर आया था और उसमें लाश होने की आशंका लोगों ने व्यक्त की गई थी. जिसके बाद इसकी सूचना पुलिस को दी गई. मौके पर पहुंची पुलिस के द्वारा जब जांच पड़ताल किया गया तो सूटकेस के अंदर से नग्न अवस्था में महिला का शव बरामद हुआ था. जिसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सासाराम पोस्टमार्टम के लिए भेजा था. पोस्टमार्टम के दौरान इस बात की सूचना लड़की के मायके वालों को हो गई, जो उत्तर प्रदेश चंदौली के सकलडीहा के निवासी हैं. उसके बाद पोस्टमार्टम हाउस पहुंचकर मृतका की मां के द्वारा शव की पहचान की गई और मृतका की पहचान मेहरून खातून पति क्यामुद्दीन शेख मंसूरी के रूप में हुई थी. मृतका की मां के द्वारा मृतका के पति के अवैध संबंध होने की बात बताते हुए उस मामले को लेकर ही पुत्री की हत्या के बाद बताई गई और कुल पांच लोगों को नामजद किया गया था, जिसमें पुलिस ने कार्रवाई करते हुए राजू शेख मंसूरी एवं इरफान आलम को गिरफ्तार कर लिया गया था. अन्य लोग फरार चल रहे थे, उसी क्रम में मुख्य आरोपी मृतक महिला का पति क्यामुद्दीन शेख मंसूरी को कैमूर जिले में सोनहन थानाध्यक्ष के द्वारा गिरफ्तार किया गया है. (कैमूर से विशाल कुमार की रिपोर्ट).